जोबी की रथ यात्रा में ग्रामीणों के बीच पहुंचे छाया विधायक महेश साहू

खरसिया। ग्राम जोबी में भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। इस अवसर पर छाया विधायक महेश साहू रथ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन एवं पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की।

रथ यात्रा के दौरान खरसिया के छाया विधायक महेश साहू ने ग्राम के वरिष्ठजनों से आत्मीय भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं ग्रामीणों के बीच बैठकर उन्होंने सहज और मधुर संवाद किया तथा सभी का कुशलक्षेम जाना। इस आत्मीयता ने जनप्रतिनिधि और आमजन के बीच विश्वास एवं अपनत्व की भावना को और प्रगाढ़ किया।

छाया विधायक महेश साहू ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा हमारी सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को प्रेम, सेवा और एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस रथ यात्रा के अवशर पर मनोज राठौर जिला सह संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ, छेदु राठिया अध्यक्ष मंडल जोबी,पंकज राठिया गोटियां,दिलेश्वर राठिया एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन श्रद्धाभाव के साथ शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण और उत्साह का माहौल बना रहा।



